शिमला , अक्टूबर 19 -- हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देश पर राज्य सरकार ने चंबा जिले के पांगी उपमंडल में प्राकृतिक रूप से उगाए गए जौ की खरीद शुरू कर दी है।
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि चालू खरीफ सीजन के दौरान अब तक सरकार ने पांगी के 59 किसानों से 60 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से 140 क्विंटल प्राकृतिक रूप से उगाए गए जौ की खरीद की है। ग्राम पंचायत हुडान में 11 किसानों से 20 क्विंटल, ग्राम पंचायत सुराल में 24 किसानों से 78 क्विंटल, ग्राम पंचायत किलाड़ में 7 किसानों से 9 क्विंटल, ग्राम पंचायत साच में 7 किसानों से 10 क्विंटल और ग्राम पंचायत सेचू में 10 किसानों से 23 क्विंटल जौ खरीदा गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार लोगों को रसायनमुक्त उत्पाद सुनिश्चित करने और प्राकृतिक रूप से उगाई गई फसलों को समर्थन मूल्य प्रदान करने के लिए राज्य में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही है। सरकार की यह पहल किसानों को अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है। राज्य की 90 प्रतिशत आबादी ग्रामीण क्षेत्रों में रहती है और सरकार ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने के लिए नीतियां बना रही है।
प्रवक्ता ने बताया कि चंबा जिले के पांगी में हिमाचल दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने क्षेत्र में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए पांगी को राज्य का पहला प्राकृतिक रूप से खेती करने वाला उप-मंडल बनाने की घोषणा की थी। किसान प्राकृतिक फसलें उगाने के लिए आगे आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने चालू खरीफ सीजन के दौरान 1473 किसानों से 2371.71 क्विंटल मक्का खरीदने का अनुमान लगाया है, जिसके लिए राज्यभर में 28 संग्रहण केंद्र स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कृषि विभाग किसानों से कच्ची हल्दी खरीदने के लिए भी तैयारी कर रहा है। वहीं 12 संग्रहण केंद्रों के माध्यम से 1629 किसानों से 2422.65 क्विंटल प्राकृतिक रूप से उगाई गई कच्ची हल्दी भी खरीदी जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार गेहूं और जौ पर 60 रुपये प्रति किलोग्राम, मक्का पर 40 रुपये प्रति किलोग्राम और प्राकृतिक रूप से उगाई गई कच्ची हल्दी पर 90 रुपये प्रति किलोग्राम का समर्थन मूल्य प्रदान कर रही है। सरकार का यह कदम किसानों को लाभकारी मूल्य सुनिश्चित कर रहा है जिससे उनकी आर्थिकी मजबूत हो रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित