गुवाहाटी , मार्च 20 -- असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को विशाल और भव्य रोड शो के साथ आगामी विधानसभा चुनावों के लिए जालुकबारी निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

इस दौरान लगभग 6 किलोमीटर लंबे इस रोड शो में भारी जनसैलाब उमड़ा।

कामरूप उपायुक्त कार्यालय में अपना पर्चा दाखिल करने के बाद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर कहा, "मां कामाख्या, महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव और जनता जनार्दन के आशीर्वाद से मैंने आगामी असम चुनावों के लिए जालुकबारी निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल कर दिया है।"इससे पहले दिन में मुख्यमंत्री ने अपनी माता का आशीर्वाद लिया और इसकी तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि शुभ कार्यों की शुरुआत हमेशा मां के आशीर्वाद से होनी चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि असम में 'कमल' खिल रहा है और 9 अप्रैल को होने वाले मतदान में उन्हें जनता का भरपूर आशीर्वाद मिलेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हालांकि वे पूरे राज्य में प्रचार के लिए व्यस्त रहेंगे, लेकिन जालुकबारी में चुनाव प्रचार की मुख्य जिम्मेदारी भाजपा कार्यकर्ताओं की होगी।

जालुकबारी सीट से सरमा का यह सातवां चुनाव होगा, जहां से वे लगातार पांच बार जीत दर्ज कर चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2001, 2006 और 2011 में कांग्रेस के टिकट पर और पिछले दो चुनावों (2016 और 2021) में भाजपा प्रत्याशी के रूप में जीत हासिल की थी। सरमा को केवल 1996 में हार का सामना करना पड़ा था, जब वे असम गण परिषद के भृगु कुमार फुकन से पराजित हुए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित