बैतूल , अप्रैल 14 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में शादी के कार्ड बांटकर लौट रही एक युवती की सड़क हादसे में मौत हो गई। शाहपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 24 घंटे के भीतर हिट एंड रन प्रकरण का खुलासा कर आरोपी चालक और वाहन को जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार यह घटना 12 अप्रैल को थाना शाहपुर क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-46 पर शासकीय शराब दुकान के सामने हुई। फरियादी नीरका धुर्वे निवासी गुरगुंदा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी बहन हीरा बटके, जो मुलताई से शादी के निमंत्रण पत्र बांटकर लौट रही थी, को अज्ञात ट्रैक्टर चालक ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 184/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर एसडीओपी राजेश तिवारी और थाना प्रभारी अरविन्द कुमरे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने हाईवे के आसपास लगे करीब 50 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल ट्रैक्टर की पहचान कर ली गई, जो दिनेश बटके निवासी निशाना का निकला।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नीले-सफेद रंग का ट्रैक्टर और लाल ट्रॉली जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक बी.पी. बुंदेला, एएसआई सुनील कैथवास सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करें और दुर्घटना होने पर तत्काल घायलों की सहायता कर पुलिस को सूचना दें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित