जबलपुर , जनवरी 09 -- हिंदी के शीर्ष कथाकार और हिंदी साहित्य की चर्चित पत्रिका 'पहल' के संपादक श्री ज्ञानरंजन का अंतिम संस्कार यहां के नर्मदा तट पर स्थित ग्वारी घाट पर गुरुवार दोपहर बाद संपन्न हुआ। उनकी अंतिम यात्रा उनके घर से सुबह 11.30 से शुरू की गयी और दोपहर बाद उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया अंतिम यात्रा में शामिल लेखक और मध्य प्रदेश जलेस के सचिव तरुण गुहा नियोगी ने दी।
श्री ज्ञानरंजन का निधन 90 वर्ष की आयु में बुधवार देर रात जबलपुर के एक अस्पताल में हो गया था। वह कुछ दिनों से उम्रजनित समस्याओं से गुजर रहे थे। ज्ञानरंजन का जन्म 21 नवंबर 1936 को महाराष्ट्र के अकोला में हुआ था। बचपन और किशोरावस्था का अधिकतर समय अजमेर, दिल्ली एवं बनारस में बीता तथा उच्च शिक्षा इलाहाबाद में संपन्न हुई। मध्यप्रदेश के जबलपुर के जीएस कॉलेज में प्रोफेसर रहे ज्ञानरंजन का स्थायी निवास भी यहीं रहा।
कुल कहानियों की संख्या बहुत कम होने के बावजूद उन्हें साठोत्तरी हिंदी कहानी का 'प्रतिनिधि' कथाकार माना जाता है। इनका अवदान केवल कहानी-लेखन तक सीमित न रहकर संपादन, भाषा-शिल्प और वैचारिक हस्तक्षेप तक फैला हुआ है। हिंदी कथा-साहित्य में उनकी उपस्थिति के बिना आधुनिक कहानी-परंपरा की तस्वीर अधूरी मानी जाती है।
श्री ज्ञानरंजन ने 'घंटा', 'बहिर्गमन', 'अमरूद', 'पिता' जैसी कहानियों के माध्यम से हिंदी कहानी को नया गद्य, नया मुहावरा और नया तेवर दिया। उनकी रचनाओं में मध्यवर्गीय जीवन के विरोधाभास, सामाजिक विडंबनाएं और समकालीन यथार्थ अत्यंत तीखे, किंतु काव्यात्मक ढंग से सामने आते हैं।
श्री ज्ञानरंजन की कहानियां नैतिक उपदेश नहीं देती, बल्कि प्रश्नाकुल चेतना, अराजकता, आधुनिकता और परंपरा-बोध के टकराव को केंद्र में रखती हैं। इससे नयी कहानी के बाद की हिंदी कथा को अलग वैचारिक धार मिली।
उन्होंने मध्यवर्गीय ऊहापोह, सत्ता-संरचनाओं, पारिवारिक संबंधों और व्यक्ति के आंतरिक अकेलेपन को इस तरह चित्रित किया कि हिंदी कहानी में 'भीतर की राजनीति' और सामाजिक विडंबना एक साथ उभरती है। हिंदी साहित्य की चर्चित पत्रिका 'पहल' का उन्होंने संपादन किया। करीब 35 वर्षों तक संचालित उनकी पत्रिका 'पहल' को स्वतंत्र भारत की सबसे महत्त्वपूर्ण साहित्यिक पत्रिकाओं में गिना जाता है।
संपादक के रूप में नये लेखकों को सामने लाने में उनका योगदान अप्रतिम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित