पुणे , अप्रैल 05 -- पुणे महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (पीएमआरडीए) ने 'मान-हिंजवडी से शिवाजीनगर मेट्रो लाइन-3' परियोजना के तहत बुनियादी ढांचे के विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता देते हुए 5,500 नये पेड़ लगाए हैं।

पीएमआरडीए के महानगर आयुक्त अभिजीत चौधरी ने बताया कि परियोजना में प्रभावित पेड़ों की भरपाई के रूप में यह वृक्षारोपण किया गया है और इन पौधों की जीवित रहने की दर 100 प्रतिशत दर्ज की गयी है।

परियोजना के दौरान मेट्रो के खंभों, स्टेशनों और अन्य संरचनाओं के निर्माण से कुल 1,305 पेड़ प्रभावित हुए थे। इनमें से 557 पेड़ों को काटना पड़ा, जबकि 748 पेड़ों को सुरक्षित स्थानांतरित किया गया।

पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से इन पेड़ों के अलावा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 5,500 नए पौधे लगाये गये हैं।

इस पहल में तकनीक का भी उपयोग किया गया है। सभी पेड़ों को जियो-टैग किया गया है और प्रत्येक पेड़ को क्यूआर कोड दिया गया है, जिसे स्कैन कर नागरिक पेड़ की प्रजाति और अन्य जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित