बारां , जनवरी 28 -- राजस्थान में बारां जिले के धावक मोहित सिंह हाड़ा ने लगातार 26 घंटे की ऐतिहासिक दौड़ लगाकर एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया।
एशिया बुक ऑफ रिकार्ड के प्रतिनिधि भानु कुमार द्वारा मोहित सिंह हाड़ा को एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड का प्रमाण पत्र एवं पदक प्रदान किया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बारां-अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में महावीर सिंह हाड़ा उपस्थित रहे।
बारां रनर्स क्लब के अध्यक्ष अंकित खंडेलवाल ने बुधवार को बताया कि दौड़ के समापन के साथ ही पूरे खेल संकुल और बारां शहर में उत्सव जैसा माहौलबन गया। प्रातःकाल से ही मोहित की जीत के सैकड़ों शहरवासी साक्षी बने। जगह-जगह फूल-मालाओं से मोहित का स्वागत किया गया।
दौड़ पूर्ण होने के पश्चात जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर और गणमान्य नागरिकों के द्वारा मंडी प्रांगण में आयोजित जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में मोहित सिंह हाड़ा को सम्मानित किया गया।
इस दौड़ में मोहित को प्रोत्साहित करने एवं उनके साथ दौड़ने के लिए कई शहरों से धावक बारां पहुंचे, जिन्होंने दिन-रात जागकर मोहित का मनोबल बनाये रखा।
दौड़ के अंतिम क्षणों में शहर के सेंकड़ों नागरिकों के साथ-साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी ने भी मोहित के साथ दौड़ लगायी।
ट्रैक की स्थिति दयनीय होने के बावजूद मोहित ने यहां इतिहास रच दिया, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित