मुरैना , फरवरी 24 -- माध्यमिक शिक्षा मंडल, मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित हाई स्कूल बोर्ड परीक्षाएं जिले में सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संचालित की जा रही हैं। मंगलवार को गणित विषय की परीक्षा के दौरान एक नकल प्रकरण तथा दो फर्जी परीक्षार्थी पकड़े जाने का मामला सामने आया है।
कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देशन में आयोजित परीक्षा में कुल 29,315 परीक्षार्थियों में से 28,302 उपस्थित रहे, जबकि 1,013 अनुपस्थित रहे। यह जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी बी.एस. इंदौलिया ने दी।
उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान कुल तीन प्रकरण दर्ज किए गए। अशासकीय शांति निकेतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अंबाह में एक परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़ा गया। इसके अतिरिक्त शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अंबाह में दो फर्जी परीक्षार्थी पाए गए, जिनके विरुद्ध बोर्ड के नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं तथा परीक्षा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित