बैतूल , जनवरी 22 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र के ग्राम नांदकुड़ी बोरगांव में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। डंपर से रेत खाली कराते समय युवक हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान मुलताई निवासी रोहित साहू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रोहित डंपर पर चढ़कर रेत खाली करवा रहा था। इसी दौरान जैसे ही डंपर का बॉक्स ऊपर उठा, वह वहां से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। तेज करंट की चपेट में आने से रोहित गंभीर रूप से झुलस गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मुलताई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शासकीय अस्पताल मुलताई भेजा गया।

बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर रेत खाली की जा रही थी, वहां से हाईटेंशन लाइन काफी नीचे से गुजर रही थी, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित