जयपुर , फरवरी 16 -- राजस्थान मानवाधिकार आयोग ने जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विदेशी महिला यात्री पर आवारा कुत्ते के हमले के मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करके तथ्यात्मक रिपोर्ट तलब की है। आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति जी.आर. मूलचंदानी की एकलपीठ ने इस घटना को गंभीर मानते हुए संबंधित अधिकारियों को सोमवार को नोटिस जारी किये।

उल्लेखनीय है कि रविवार को टर्मिनल-2 पर दिल्ली से जयपुर पहुंची एक इजरायली महिला यात्री पर हवाई अड्डे के बाहर बैठे एक कुत्ते ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर मौजूद स्टाफ ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला को निजी अस्पताल पहुंचाया। समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों के अनुसार, संबंधित कुत्ता पूर्व में भी तीन लोगों को काट चुका था, इसके बावजूद उसे वहां से नहीं हटाया गया।

आयोग ने मामले को अत्यंत गंभीर मानते हुए जिला कलेक्टर जयपुर, पुलिस आयुक्त जयपुर महानगर, हवाई अड्डा प्रबंधक सांगानेर, विमानपत्तन प्राधिकरण, नगर निगम आयुक्त और सांगानेर जोन के उपायुक्त को नोटिस जारी किया है। सभी अधिकारियों से पांच मार्च तक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।

आयोग ने निर्देश दिए हैं कि हवाई अड्डा परिसर एवं आसपास के क्षेत्र से खतरनाक आवारा कुत्तों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर भेजा जाए, ताकि भविष्य में ऐसी अप्रिय घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही घायल महिला के उपचार में हुए खर्च की प्रतिपूर्ति एवं उचित क्षतिपूर्ति देने के भी आदेश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित