हल्द्वानी , अप्रैल 10 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में निजी स्कूलों की मनमानी और बुक सेलरों के साथ उनके कथित गठजोड़ पर जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों पर हुई संयुक्त जांच के बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी ने 46 निजी स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब तलब किया है।
प्रशासन और शिक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई में यह खुलासा हुआ है कि कई निजी स्कूल अभिभावकों को एनसीईआरटी की सस्ती किताबों के बजाय निजी प्रकाशकों की महंगी किताबें खरीदने के लिए मजबूर कर रहे थे। जांच के दौरान कई दुकानों से स्कूलों द्वारा जारी की गई पर्चियां भी बरामद हुई हैं, जिनमें अभिभावकों को विशेष दुकानों से ही कॉपी-किताबें खरीदने के निर्देश दिए गए थे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविंद राम जायसवाल द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि सिटी मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में गठित जांच समिति की रिपोर्ट में कई गंभीर अनियमितताएं पाई गई हैं। सभी संबंधित 46 स्कूलों को निर्देशित किया गया है कि वे 11 अप्रैल 2026 की शाम 5 बजे तक अपना स्पष्टीकरण विभाग के समक्ष प्रस्तुत करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित