हल्द्वानी , फरवरी 24 -- उत्तराखंड में हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद मंगलवार को हड़कंप मच गया।

मेडिकल कॉलेज प्रशासन को एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें दावा किया गया कि कॉलेज परिसर में साइनाइट पॉयजन से जुड़े बम लगाए गए हैं और दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर ब्लास्ट किया जाएगा। ईमेल में यह भी चेतावनी दी गई थी कि सुबह 11 बजे तक डॉक्टरों, स्टाफ और छात्रों को परिसर से बाहर निकाल लिया जाए।

बताया जा रहा है कि यह धमकी भरा मेल आज सुबह करीब 11 बजकर 38 मिनट पर कॉलेज के प्रिंसिपल को प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज प्रशासन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एहतियातन तत्काल सभी डॉक्टरों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को भवन से सुरक्षित बाहर निकाला गया और परिसर को खाली करा दिया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई,सबसे पहले सुशीला तिवारी अस्पताल में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इसके बाद बम डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम ने पार्किंग, वार्ड, कार्यालयों और अन्य संवेदनशील स्थानों की गहन तलाशी ली,सुरक्षा एजेंसियों ने मेडिकल कॉलेज परिसर के हर हिस्से की बारीकी से जांच की, ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।

सीओ हल्द्वानी अमित कुमार ने बताया कि मेडिकल कॉलेज को ईमेल के माध्यम से धमकी मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। एहतियात के तौर पर पूरे परिसर को खाली कराकर सघन जांच कराई गई है, फिलहाल जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, हालांकि मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित