नैनीताल , मार्च 26 -- उत्तराखण्ड "ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन" के तहत नैनीताल पुलिस को बुधवार रात को बड़ी सफलता मिली है। नैनीताल विशेष अभियान समूह (एसओजी) और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 203 ग्राम स्मैक के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की कीमत लगभग 60.90 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, 25 मार्च की रात को हल्द्वानी के बेलबाबा क्षेत्र में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक महिला संदिग्ध दिखाई दी, जिसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध स्मैक बरामद हुई।

गिरफ्तार अभियुक्ता की पहचान कनिका (40) निवासी शिवनगर ट्रांजिट कैम्प, जिला ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में मादक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।

सफल ऑपरेशन के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजुनाथ टीसी ने टीम के उत्साहवर्धन के लिए 2500 रुपये का नकद पुरस्कार की घोषणा की है।

पुलिस यह भी जांच में जुट गई है कि आरोपी बरामद स्मैक को कहां से ला रही थी और कहां ले जा रही थी। यह भी पता लगाया जा रहा है कि महिला के पीछे किन किन नशा तस्करों का हाथ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित