हल्द्वानी , अप्रैल 02 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में रसोई गैस की किल्लत और बढ़ती कीमतों को लेकर लोगों का गुस्सा गुरुवार को सड़कों पर नजर आया।
बड़ी संख्या में बुजुर्ग एसडीएम कोर्ट पहुंच गए, जहां उन्होंने गैस की कालाबाजारी और सप्लाई में हो रही देरी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी को ज्ञापन सौंपा और जल्द से जल्द गैस आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
लोगों ने कहा कि बिठौरिया नंबर 1 के देवकी विहार, तिवारी कॉलोनी सहित कई इलाकों में पिछले 15 दिनों से इंडियन गैस की सप्लाई नहीं हुई है। इससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और मजबूरन इंडक्शन पर खाना बनाना पड़ रहा है।
वहीं, सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि इंडियन गैस काठगोदाम और हल्द्वानी एजेंसी द्वारा रोस्टर जारी किया गया है। जिन उपभोक्ताओं की बुकिंग 25 मार्च या उससे पहले की है उन्हें प्राथमिकता के आधार पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि सभी क्षेत्रों में जल्द से जल्द गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। फिलहाल, प्रशासन के आश्वासन के बावजूद लोगों को राहत मिलने का इंतजार है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित