नैनीताल , मार्च 18 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में स्टेडियम रोड पर महिला के साथ अभद्रता और मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने घटना के तुरंत बाद कार्रवाई की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 मार्च को एक महिला और उसके साथ जा रहे व्यक्ति का दो युवकों ने पीछा कर उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट और बदसलूकी की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अजय फर्त्याल (31) निवासी फतेहपुर और अजय सिंह थापा (30) निवासी बड़ी मुखानी शामिल हैं। प्रारंभिक कार्रवाई में दोनों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इसके बाद पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 324(2) और 74 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित