नैनीताल , फरवरी 12 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में गुरुवार को दोहरा हत्याकांड सामने आया है। जिसमें एक लड़की और एक युवक की पत्थरों से कुचल कर बेरहमी से हत्या कर दी गई है। पुलिस जांच में जुट गई है।
घटना बरेली रोड पर स्थित नवीन मंडी की है। बताया जा रहा है कि घटना बुधवार देर रात की है। आज सुबह जब मजदूर मंडी में काम पर लौटे तो उन्हें दो शव दिखाई दिए। इससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस अधीक्षक मनोज कत्याल, पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार तथा कोतवाल विजय मेहता तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शवों को कब्जे में ले लिया। फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस को शवों से जो दस्तावेज मिले हैं उनमें लड़की की शिनाख्त नैनीताल जिले के ओखलकांडा के तल्ली पोखरी जबकि मृतक युवक की पहचान अल्मोड़ा के तल्ला खोल्टा निवासी शुभम टम्टा के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि मृतकों के चेहरे और सिर बुरी तरह कुचले हुए थे। यह भी पता चला है कि मृतका पढ़ने के साथ ही हल्द्वानी में नौकरी करती थी।
पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुट गई है। मामले के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है। एक टीम सीसीटीवी कैमरों को खंगाला रही है। पुलिस सभी कोणों से जांच कर रही है। पुलिस ऑनर किलिंग को भी ध्यान में रख कर इस प्रकरण को देख रही है। पुलिस ने मामले के खुलासे के लिए व्यापारियों के साथ ही कुछ लोगों से भी पूछताछ की है।
उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी (उपपा) ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। पार्टी अध्यक्ष पी.सी. तिवारी ने एक बयान जारी कर कहा कि दोहरा हत्याकांड से स्पष्ट है कि अपराधियों के मन में कानून का कोई खौफ नहीं है। राज्य में अपराधियों का मनोबल बढ़ा है और पुलिस तंत्र की पकड़ कमजोर हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित