नैनीताल , अप्रैल 13 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी के काठगोदाम क्षेत्र में रविवार रात एक 24 वर्षीय छात्रा ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्मघाती कदम उठाने से पहले छात्रा द्वारा अपने एक मित्र को मोबाइल का पिन और पासवर्ड भेजे जाने से मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।

काठगोदाम थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि कल रात काठगोदाम के चांदमारी क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने एक युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने की सूचना दी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका की पहचान दिव्या आर्या (24) के रूप में हुई है। वह एमबीपीजी कॉलेज में स्नातक अंतिम वर्ष की छात्रा थी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दिव्या ने रात में परिवार के साथ भोजन किया और इसके बाद अपने कमरे में चली गई। कुछ समय बाद उसने अपने एक मित्र को व्हाट्सएप पर मोबाइल का पिन और पासवर्ड भेजा। कुछ अनहोनी की आशंका होने पर मित्र ने करीब 40 बार कॉल किया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वह तुरंत दिव्या के घर पहुंचा, जहां उसने उसे फांसी के फंदे पर लटका पाया।

थाना प्रभारी ने बताया कि सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित