हल्द्वानी , फरवरी 11 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में लगातार बढ़ रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।

शहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजुनाथ टीसी ने बुधवार को मामले का खुलासा किया और कहा कि शातिर अपराधी फिरोज गांधी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक साथी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी फिरोज गांधी निवासी मिलक, थाना रामपुर, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है। उसके खिलाफ कुल 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं। नैनीताल जिले में तीन और रामपुर जिले में सात से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या, लूट, हत्या का प्रयास और स्नैचिंग जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। हल्द्वानी में भी पिछले वर्ष उसके खिलाफ दो और इस वर्ष एक मामले दर्ज किए गए हैं।

एसएसपी ने बताया कि आरोपी का पूर्व में पुलिस से मुठभेड़ भी हो चुकी है जिसमें उसे गोली लगी थी और वह लंगड़ाकर चलता है। उन्होंने कहा कि आरोपी एक पेशेवर और बेहद शातिर अपराधी है।

मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने 400 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाला,टेक्निकल सर्विलांस और मैनुअल पुलिसिंग द्वारा सुराग जुटाया गया। वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी बरामद कर लिया गया है। जांच में सामने आया कि उक्त बाइक को पांच अलग-अलग लोगों को बेचा गया था जिससे जांच में काफी चुनौतियां आईं।

पुलिस टीम ने बाइक को ट्रेस करते हुए रामपुर से लेकर दिल्ली तक पड़ताल की और ट्रैफिक चालान के रिकॉर्ड के आधार पर महत्वपूर्ण लीड हासिल की,लगातार ट्रैकिंग के बाद आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।

एसएसपी ने बताया कि मुखानी क्षेत्र में हुई दो चेन स्नैचिंग की वारदातों की ज्वेलरी बरामद कर ली गई है। फरार आरोपी पर इनाम घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।पुलिस की इस कार्रवाई से शहरवासियों ने राहत की सांस ली है, जबकि एसएसपी ने चेतावनी दी कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित