नैनीताल , अप्रैल 26 -- उत्तराखंड के नैनीताल जिले के हल्द्वानी में शनिवार शाम को हुई गोलीबारी के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने रविवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 25 अप्रैल को हल्द्वानी के सुभाष नगर निवासी कमल परमार ने अपने साथियों योगेन्द्र परमार और सुदर्शन परमार के साथ कोतवाली हल्द्वानी में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया कि मनीष परिहार नामक व्यक्ति ने अपनी कार यूके 04 एक्यू 3663 से पहुंचकर उन्हें निशाना बनाते हुए जान से मारने की नीयत से गोलीबारी की।
वह किसी तरह से बच निकले और गोली उनके मकान की सीढ़ियों पर जाकर लगी, जिससे वह और उनका पोता बाल-बाल बच गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया गया। उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह मेहता के नेतृत्व में गठितपुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष परिहार (45) निवासी कृष्णा नगर फेस-ई, डहरिया, हल्द्वानी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार लेन देन के चलते आरोपी ने इस घटना को अंजाम दिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित