नैनीताल , मार्च 30 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में सोमवार को गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कालाबाजारी में संलिप्त कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी के डहरिया क्षेत्र में महेंद्र फोटो स्टूडियो के पास आज इंडेन गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा था। इस दौरान कर्मचारियों द्वारा 10 भरे सिलेंडर मौके पर छोड़ दिए गए और बिना खाली सिलेंडर लिए ही चले जाने की सूचना आयुक्त को मिली।

आयुक्त मौके पर पहुंचे और स्थिति संदिग्ध पाए जाने पर उन्होंने संबंधित ठेकेदार और कर्मचारियों को तलब कर पूछताछ की लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं हुआ। मामले में कालाबाजारी और घटतौली की आशंका के चलते आउटसोर्स कर्मचारी संदीप, प्रेमपाल सिंह ठाकुर और प्रमोद चौहान के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।

आयुक्त ने स्पष्ट किया कि गैस वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपभोक्ताओं को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से गैस उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

उन्होंने केएमवीएन और संबंधित एजेंसियों को निर्देशित किया कि वे औचक निरीक्षण कर वितरण व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखें और कालाबाजारी जैसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित