नैनीताल , फरवरी 06 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी में क्रिकेट लीग के आयोजन के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। क्रिकेट लीग के लिए देश के दिग्गज खिलाड़ियों के नाम का दुरुपयोग करने पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मंजूनाथ टीसी ने शुक्रवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि नोएडा के सेक्टर ए-162 निवासी विकास ढाका ने हल्द्वानी में इवीसीएल (एपिक विक्ट्री क्रिकेट लीग) के नाम पर हरियाणा के झज्जर निवासी हेमंत शर्मा और हल्द्वानी के पूर्व विधायक नारायण पाल से 32 लाख की ठगी कर ली।

हेमंत शर्मा से यूपी वारियर्स टीम खरीदने के नाम पर 30 लाख रुपए में सौदा तय हुआ। आरोपी ने 23 लाख रुपये का भुगतान भी कर दिया था जबकि उत्तराखंड के सितारगंज के पूर्व विधायक नारायण पाल से उत्तराखंड सोल्जर्स टीम खरीदने के लिए 40 लाख रुपए की रकम तय की गई।

बताया जा रहा है कि श्री पाल से तीन लाख नकद और छह लाख होर्डिंग्स के नाम पर वसूल लिये गये। यही नहीं आरोप है कि आरोपी विकास ढाका ने लीग कराने के नाम पर अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों इरफान पठान, हरभजन सिंह, प्रवीण कुमार और मनप्रीत गोनी के साथ ही दिग्गज रणजी खिलाड़ियों के नाम का इस्तेमाल किया। लीग एक फरवरी से हल्द्वानी के गौलापार स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने की बात कही गयी।

क्रिकेट लीग के प्रचार प्रसार को लेकर बकायदा शहर में होर्डिंग्स भी लगाये गये लेकिन लीग समय पर शुरू नहीं हो पायी। आरोपी विकास हांडा लीग के विलंब को लेकर हर दिन कुछ न कुछ बहाने बनाता रहा। अंत में हेमंत शर्मा और पूर्व विधायक नारायण पाल की ओर से पांच फरवरी को पुलिस को धोखाधड़ी के संदर्भ में तहरीर सौंपी गयी।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साथ ही आरोपी को पूछताछ के लिये बुलाया गया। जांच में हैरान करने वाले तथ्य हाथ लगे। पता चला कि जिन नामी गिरामी खिलाड़ियों के क्रिकेट लीग के नाम पर इस्तेमाल किया गया उनसे संपर्क तक भी नहीं किया गया था।

जांच जब आगे बढ़ी तो यह भी पता चला कि आरोपी की ओर से क्रिकेट लीग के लिए कोई तैयारी नहीं की गयी थी। आखिरकार पुलिस ने आरोपी को आज गिरफ्तार कर लिया। यही नहीं आरोपी के दो बैंक खातों को सीज कर दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित