नैनीताल/पिथौरागढ़ , अक्टूबर 01 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी से अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ से उच्च हिमालयी क्षेत्र मुनस्यारी के लिए बुधवार को हेली सेवा शुरू हो गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इन सेवाओं को वर्चुअल रूप से हरी झंडी दिखायी। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि अल्मोड़ा और मुनस्यारी सांस्कृतिक और पर्यटक नगरी के साथ ही पौराणिक महत्व के स्थल हैं। दोनों शहर अपनी प्राकृतिक सुंदरता के साथ ही पौराणिक मंदिरों और समृद्ध संस्कृति के लिए देश और दुनिया भर के पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं।
इन क्षेत्रों के लिए हेली सेवा शुरू होने से अब पर्यटकों और आम लोगों की पहुंच आसान हो सकेंगी। कुछ मिनटों में ही पर्यटक हल्द्वानी से अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ से मुनस्यारी पहुंच सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हेली सेवाओं के प्रारंभ होने से इन क्षेत्रों में पर्यटन एवं आर्थिक विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उड़ान जैसी दूरदर्शी योजना प्रारंभ की थी। इस योजना ने प्रदेश में हवाई संपर्क को मज़बूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है, जिसके अंतर्गत राज्य के कई हिस्सों में हवाई पट्टियां और हेलीपोर्ट का विकास किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 18 हेलीपोर्ट बनाये गये हैं और यहां से हेली सेवाओं के संचालन की दिशा में कार्य किया जा रहा है।12 हेलीपोर्ट पर हेली सेवाएँ सफलतापूर्वक प्रारंभ की जा चुकी हैं।
श्री धामी ने कहा कि गौचर, जोशियाड़ा, हल्द्वानी, मुनस्यारी, मसूरी, पिथौरागढ़, पंतनगर, चंपावत, बागेश्वर, नैनीताल और अल्मोड़ा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को हेली सेवा से जोड़ा जा चुका है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों को भी हेली सेवाओं से जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में हवाई संपर्क को सशक्त बनाने के साथ ही उत्तराखंड को वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के विस्तार के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जौलीग्रांट और पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाओं के लिए विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
तय कार्यक्रम के अनुसार दोनों जगह के लिए हेली सेवा सप्ताह में सातों दिन संचालित की जाएगी और दिन में दो बार उड़ान भरेंगी।
पिथौरागढ़ से मुनस्यारी के लिए यह सेवा सुबह 10:30 बजे एवं दोपहर 1:50 बजे चलेगी जबकि 10:50 बजे एवं दोपहर 2:10 मुनस्यारी से वापस लौटेगी।
इसी प्रकार हल्द्वानी से अल्मोड़ा के लिए हेली सेवा सुबह 11:50 बजे एवं अपराह्न 3:10 बजे चलेगी जबकि वापसी का समय अपराह्न 12:50 एवं शाम 4:10 बजे तय किया गया है। इन हवाई सेवाओं का किराया 2500 रुपए तय किया गया है। यात्रियों की सुविधा के लिए आनलाइन बुकिंग की जा सकती हैं।
इस मौके पर सचिव युकाडा सचिन कुर्वे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी युकाडा आशीष चौहान एवं नैनीताल से आयुक्त कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी वंदना और पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी के साथ ही विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं अन्य मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित