अलवर , फरवरी 08 -- राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, युवा, अन्नदाता और महिला वर्ग के विकास के लिए योजनायें चलायी जा रही हैं और अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को सशक्त बनाने के लिए प्रदेश में ग्रामोत्थान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

श्री शर्मा ने रविवार को अलवर दौरे के दूसरे दिन रामगढ़ के ग्राम बहाला में ग्रामोत्थान शिविर का अवलोकन कर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चैक, प्रमाण पत्र, इलेक्ट्रिक व्हील चेयर सौंपी।उन्होंने रामगढ़ में मिनी सचिवालय खोलने की घोषणा की और 152 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण भी किया।

इस अवसर पर केन्द्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव, वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा, विधायक जसवंत यादव, महंत बालकनाथ, सुखवंत सिंह, रमेश खींची तथा अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित