पटना , जनवरी 13 -- बिहार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हर घर नल का जल योजना ने न केवल ग्रामीण क्षेत्रों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया है, बल्कि ग्रामीणों के जीवन स्तर, स्वास्थ्य, महिलाओं के सम्मान तथा समग्र सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

मंत्री श्री सिंह ने आज विभागीय डायरी एवं कैलेंडर-2026 के विमोचन के अवसर पर कहा कि बिहार सरकार द्वारा जलापूर्ति के क्षेत्र में एक व्यापक एवं सुदृढ़ संरचना विकसित की गई है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विभाग की प्राथमिकता निर्मित जलापूर्ति योजनाओं के प्रभावी संचालन एवं अनुरक्षण पर केंद्रित है, जिससे योजनाएँ नियमित रूप से संचालित रहें, तकनीकी रूप से कार्यशील रहें और अंतिम उपभोक्ता तक बिना बाधा गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध हो।

मंत्री ने कहा कि वर्तमान में राज्य के एक लाख चौदह हजार से अधिक वार्डों में लगभग एक लाख बीस हजार जलापूर्ति योजनाओं का निर्माण किया गया है, जिनके माध्यम से 1.86 करोड़ घरों को 70 लीटर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन की दर से स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।उन्होंने कहा कि डायरी एवं कैलेंडर-2026 में विभाग की प्रमुख योजनाओं, उपलब्धियों तथा जलापूर्ति व्यवस्था से संबंधित उपयोगी जानकारी को संकलित किया गया है, जिससे विभागीय अधिकारियों एवं फील्ड स्तर के कर्मियों को वर्ष भर कार्य निष्पादन में सुविधा मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित