जालौन , दिसंबर 26 -- उत्तर प्रदेश में जालौन के जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने शुक्रवार को जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर जल योजना की प्रगति की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह योजना केंद्र व राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसका लाभ प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक समयबद्ध रूप से पहुँचना अनिवार्य है।

जिलाधिकारी ने कार्यदायी एजेंसियों को कड़ी फटकार लगाते हुए पाइपलाइन बिछाने के दौरान ग्राम पंचायतों में तोड़े गए मार्गों की तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में जहां-जहां सड़कें क्षतिग्रस्त की गई हैं, उन्हें बिना विलंब ठीक कराया जाए। एजेंसियों की सुस्त रफ्तार पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा में कार्य पूरे नहीं हुए तो जिम्मेदारी तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होने एजेंसियों को मैनपावर बढ़ाकर रोड रेस्टोरेशन, लीकेज मरम्मत एवं जल आपूर्ति से जुड़े सभी लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि लीकेज से संबंधित शिकायतों का निस्तारण 48 घंटे के भीतर अनिवार्य रूप से किया जाए। साथ ही विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों में स्टैंड पोस्ट अधिष्ठापन का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित