चंडीगढ़ , मार्च 19 -- हरियाणा की शहरी परिवहन प्रणाली में लगातार मजबूती देखने को मिल रही है। वर्ष 2025-26 के दौरान मेट्रो यात्रियों की संख्या में 13.55 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गयी है, जो लोगों के बढ़ते विश्वास और सार्वजनिक परिवहन की ओर रुझान को दर्शाती है।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की चौसठवीं बोर्ड बैठक में इस प्रगति की समीक्षा की गयी। बैठक में सामने आया कि अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 के बीच मेट्रो नेटवर्क पर 1.74 करोड़ रुपये से अधिक यात्रियों ने सफर किया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह संख्या 1.53 करोड़ रुपये थी। जुलाई महीने में सबसे अधिक 22.93 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी।
वित्तीय मोर्चे पर भी मेट्रो ने मजबूत प्रदर्शन किया है। जनवरी 2026 तक किराया राजस्व में 12.64 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। स्टेशन परिसरों, विज्ञापनों और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के बेहतर उपयोग से गैर-किराया राजस्व में 108 प्रतिशत की बड़ी वृद्धि हुई है। इसी के चलते रैपिड मेट्रो ने परिचालन अधिशेष हासिल किया है।
बैठक में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई। गुरुग्राम सेक्टर-56 से पंचगांव तक मेट्रो कनेक्टिविटी, बल्लभगढ़-पलवल विस्तार, बहादुरगढ़-असौधा कनेक्टिविटी और गुरुग्राम-फरीदाबाद नमो भारत कॉरिडोर जैसे प्रोजेक्ट्स पर काम जारी है। इसके अलावा दिल्ली-कुंडली मेट्रो विस्तार को जल्द ही राज्य मंत्रिमंडल के समक्ष मंजूरी के लिए पेश किया जाएगा।
दिल्ली-पानीपत-करनाल आरआरटीएस कॉरिडोर सहित अन्य क्षेत्रीय परिवहन परियोजनायें भी प्रगति पर हैं, जिससे आने वाले समय में हरियाणा की कनेक्टिविटी और मजबूत होने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित