चंडीगढ़ , अप्रैल 15 -- हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा है कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। इसी दिशा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ग्रामीण क्षेत्रों में नये प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), उप-स्वास्थ्य केंद्र खोलने और मौजूदा स्वास्थ्य संस्थानों के उन्नयन को मंजूरी दी है।
स्वास्थ्य मंत्री ने बुधवार को बताया कि जींद जिले के धतरथ गांव में नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने के लिए प्रशासनिक मंजूरी मिल गयी है और भवन निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। नूंह जिले के सकरास गांव स्थित उप-स्वास्थ्य केंद्र को पीएचसी में अपग्रेड करने की सैद्धांतिक मंजूरी दी गयी है।
इसके अलावा, कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 50 बिस्तरों वाले सामान्य अस्पताल में अपग्रेड किया जाएगा। जींद जिले के बिधराना गांव में नया उप-स्वास्थ्य केंद्र खोलने को भी सैद्धांतिक मंजूरी दी गयी है। ग्राम पंचायत ने भवन तैयार होने तक अस्थायी स्थान उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया है।
उन्होंने कहा कि इन पहलों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ेगी, बड़े अस्पतालों पर दबाव कम होगा और लोगों को समय पर इलाज मिल सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित