चंडीगढ़ , अप्रैल 10 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत लाभार्थियों के खातों में 1,665.25 करोड़ रुपये की राशि जारी की है।

उन्होंने कहा कि सरकार महिला सशक्तिकरण और आर्थिक विकास को प्राथमिकता देते हुए अंतिम व्यक्तितक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 'दीन दयाल लाडो लक्ष्मी' योजना की छठी किस्त के तहत 9.68 लाख महिलाओं को 203.28 करोड़ रुपये वितरित किये गये। विभिन्न पेंशन योजनाओं के अंतर्गत 35.55 लाख लाभार्थियों को 1,144.55 करोड़ रुपये सीधे खातों में भेजे गये। दयालु योजना के तहत भी हजारों परिवारों को आर्थिक सहायता दी गयी है। इसके अलावा अनुसूचित जाति के किसानों को ट्रैक्टर खरीदने के लिए सब्सिडी प्रदान की गयी।

उन्होंने बताया कि फरीदाबाद में ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले दो दमकलकर्मियों के परिवारों को 30-30 लाख रुपये की सहायता और एक आश्रित को नौकरी देने की घोषणा की गयी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित