चंडीगढ़ , अप्रैल 07 -- हरियाणा में मंगलवार सुबह से मौसम ने एक बार फिर करवट ली। हिसार, गुरुग्राम, नारनौल और भिवानी समेत कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 17 जिलों में बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

विभाग के अनुसार सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, नारनौल, रेवाड़ी, नूंह, पलवल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, पानीपत और कैथल में 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना है। अन्य जिलों में भी हल्की बारिश के आसार हैं।

मौसम विभाग ने आठ अप्रैल को भी मौसम खराब रहने की चेतावनी दी है। अचानक हुए इस बदलाव का असर कृषि पर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। विशेषज्ञों के मुताबिक गेहूं की कटाई के बाद खेतों में पड़ी फसल, सब्जियों और बागवानी फसलों को नुकसान हो सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित