चंडीगढ़ , जनवरी 06 -- हरियाणा में सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने हरियाणा में बढ़ते भ्रष्टाचार को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार की स्थिति बेहद चिंताजनक हो चुकी है और यह मौजूदा सरकार की नाकामी को उजागर करती है। कुमारी सैलजा ने कहा कि हाल के आंकड़े इस बात की पुष्टि करते हैं कि पिछले पाँच वर्षों में भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में 78.48 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जिसके चलते हरियाणा देश में भ्रष्टाचार के मामलों में सातवें स्थान पर पहुँच गया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा 'ज़ीरो टॉलरेंस' की जो बातें की जाती हैं, वे केवल कागज़ों और भाषणों तक ही सीमित रह गई हैं। ज़मीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। प्रदेश के राजस्व, पुलिस, भूमि और प्रशासनिक विभागों में भ्रष्टाचार आम नागरिक के लिए एक गंभीर समस्या बन चुका है। लोगों को अपने छोटे-छोटे काम करवाने के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है।
कुमारी सैलजा ने कहा कि स्थिति की गंभीरता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि डबवाली क्षेत्र के एक नागरिक को भ्रष्टाचार से तंग आकर इच्छा मृत्यु जैसी बात कहनी पड़ी। यह किसी भी संवेदनशील लोकतांत्रिक सरकार के लिए एक गंभीर चेतावनी है, लेकिन सरकार इस ओर आंखें मूंदे बैठी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे भ्रष्टाचार के मामलों से स्पष्ट है कि सरकार न तो प्रशासन पर नियंत्रण रख पा रही है और न ही दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर रही है। आम जनता को न्याय के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
कुमारी सैलजा ने मांग की कि हरियाणा सरकार भ्रष्टाचार के मामलों की निष्पक्ष जांच कराए, दोषी अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई करे तथा जनता को पारदर्शी और जवाबदेह शासन उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर जनता की आवाज़ बनकर संघर्ष करती रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित