चंडीगढ़ , मार्च 11 -- हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बुधवार को कहा कि राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान (एसआईएचएफडब्ल्यू), पंचकुला राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। संस्थान द्वारा डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के लिए नियमित रूप से प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला सिविल अस्पतालों के स्वास्थ्य कर्मी भाग ले रहे हैं।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों को कौशल आधारित प्रशिक्षण देने के लिए राज्य में चार क्षेत्रीय कौशल प्रयोगशालाएं स्थापित की गई हैं, जिनके माध्यम से विभिन्न जिलों के स्वास्थ्य कर्मचारियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्य-3 को प्राप्त करना है, जिसके तहत वर्ष 2030 तक मातृ मृत्यु दर, नवजात मृत्यु दर और पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों की मृत्यु दर को कम करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने बताया कि चालू वर्ष में एसआईएचएफडब्ल्यू पंचकुला में 1,211 स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया, जबकि जिला स्तर पर 5,220 कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा 18 ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रमों में 2,441 स्वास्थ्य कर्मियों ने भाग लिया।

उन्होंने कहा कि इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों से स्वास्थ्य कर्मियों की क्षमता बढ़ रही है और राज्य में नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित