चंडीगढ़ , फरवरी 12 -- हरियाणा सरकार ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं निगरानी के लिए मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय समन्वय समिति (एसएलसीसी) का गठन किया है। इस संबंध में गुरुवार को अधिसूचना जारी की गई है।

अधिसूचना के अनुसार, समिति में ऊर्जा आवास एवं शहरी कार्य तथा ग्रामीण विकास विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव/प्रधान सचिव/सचिव सदस्य होंगे। इसके साथ ही राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के अध्यक्ष तथा हरियाणा के बिजली वितरण निगमों यूएचबीवीएनएल और डीएचबीवीएनएल के प्रबंध निदेशक/मुख्य कार्यकारी अधिकारी भी समिति का हिस्सा होंगे। युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विभाग के प्रधान सचिव तथा ऊर्जा विभाग के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा महानिदेशक विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किए गए हैं।

समिति योजना के सभी घटकों की नियमित समीक्षा करेगी और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करेगी। सभी सरकारी भवनों पर रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित करने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी तथा उसकी प्रगति की निगरानी की जाएगी।

इसके अलावा जागरूकता अभियान क्षमता निर्माण और अधिकतम रूफटॉप सोलर स्थापना को बढ़ावा देने के लिए विभागीय प्रयासों में तालमेल सुनिश्चित किया जाएगा।

समिति केंद्र सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के साथ समन्वय कर आवश्यक सुझाव देगी। योजना के लिए नामित राज्य कार्यान्वयन एजेंसी समिति को आवश्यक कार्यालयी सहायता प्रदान करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित