चंडीगढ़ , फरवरी 12 -- हरियाणा में गुरुवार को दस ट्रेड यूनियनों की राज्यव्यापी हड़ताल का असर कई जिलों में देखने को मिला।
झज्जर में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया जबकि बहादुरगढ़ में नगर पालिका कर्मचारियों ने धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों ने वेतन सेवा शर्तों और अन्य लंबित मांगों को लेकर आवाज उठाई।
हालांकि, हड़ताल का प्रभाव सरकारी रोडवेज बस सेवाओं पर नहीं पड़ा। बसें निर्धारित समय के अनुसार संचालित होती रहीं जिससे आम यात्रियों को किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। प्रशासन ने पहले से ही एहतियाती कदम उठाते हुए बस अड्डों पर धारा 163 लागू कर दी थी ताकि किसी प्रकार का चक्का जाम या अव्यवस्था न हो।
राज्य सरकार हड़ताल को लेकर पहले से अलर्ट मोड में थी। हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम ने भी सख्त रुख अपनाते हुए नो वर्क नो वेज नियम लागू किया है। निगम ने स्पष्ट किया कि 12 फरवरी को सामान्य परिस्थितियों में किसी भी कर्मचारी को अवकाश नहीं दिया जाएगा। केवल आपात स्थिति में ही सक्षम अधिकारी की अनुमति से छुट्टी स्वीकृत की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित