चंडीगढ़ , जनवरी 30 -- हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए तत्काल प्रभाव से चार भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारियों के स्थानांतरण एवं नियुक्ति के आदेश जारी किए हैं।
सरकार की ओर से आज जारी आदेशों के अनुसार डॉ. राजा शेखर वुंडरू को खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है, जो वर्तमान में मत्स्य पालन विभाग तथा परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत हैं। वह परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के रूप में अपना कार्यभार भी संभालते रहेंगे।
वहीं, डी. सुरेश को हरियाणा भवन नयी दिल्ली में रेजिडेंट कमिश्नर के साथ-साथ मत्स्य पालन विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। वह वर्तमान में हरियाणा भवन नयी दिल्ली में रेजिडेंट कमिश्नर तथा खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के प्रधान सचिव के पद पर कार्यरत हैं।
इसके अतिरिक्त थानेसर के उप मंडल अधिकारी (नागरिक) शाश्वत सांगवान को जयदीप कुमार के स्थान पर स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) का मिशन डायरेक्टर नियुक्त किया गया है।
जयदीप कुमार को स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के मिशन निदेशक के कार्यभार से मुक्त कर दिया गया है। उनकी आगामी नियुक्ति से संबंधित आदेश बाद में जारी किए जाएंगे। कार्यभार मुक्त होने के उपरांत वह अपनी नियुक्ति रिपोर्ट मुख्य सचिव कार्यालय में प्रस्तुत करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित