चंडीगढ़ , नवंबर 13 -- हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने राज्य के सभी विभागों को निर्देश दिये हैं कि वे पूर्व अग्निवीरों के पदों को छोड़कर ग्रुप-सी पदों की नयी और वापस ली गयी मांगों को 15 नवंबर, 2025 तक हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करें।
इस संबंध में सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों, उपायुक्तों, बोर्डों और निगमों के प्रबंध निदेशकों एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारियों को पत्र जारी किया गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार पत्र में बताया गया है कि आयोग द्वारा समूह-सी पदों के लिए समान पात्रता परीक्षा का आयोजन 26 और 27 जुलाई, 2025 को किया गया था। इसके उपरांत राज्य सरकार ने हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (ग्रुप-सी एवं ग्रुप-डी भर्ती प्रक्रिया) नियम, 2025 अधिसूचित किए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित