चंडीगढ़ , मार्च 27 -- हरियाणा में सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने राज्य में रसाइे गैस (एलपीजी), पीएनजी और डीजल संकट को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बिना पर्याप्त तैयारी के पीएनजी को अनिवार्य करने के फैसले से आम जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि लोगों को एलपीजी कनेक्शन छोड़ने के लिए मजबूर किया गया लेकिन समय पर पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध नहीं कराए गए, जिससे हजारों परिवार गैस सुविधा से वंचित हो गए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में पीएनजी लाइन मौजूद है, वहां भी बड़ी संख्या में आवेदन लंबे समय से लंबित पड़े हैं, जो सरकार की लापरवाही को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में एलपीजी की कीमतें बढ़ने से लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है और उन्हें सिलेंडर लेने में कठिनाई हो रही है। डीजल संकट पर चिंता जताते हुए सैलजा ने कहा कि कई पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग रही हैं और कई जगहों पर डीजल खत्म हो रहा है। इसका सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ रहा है, खासकर गेहूं की कटाई के समय।
उन्होंने सरकार से मांग की कि एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, पीएनजी कनेक्शन प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और किसानों के लिए डीजल आपूर्ति को प्राथमिकता दी जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित