चंडीगढ़ , अप्रैल 23 -- हरियाणा में खिलौना उद्योग को बढ़ावा देने के लिए 250-300 एकड़ में विशेष क्लस्टर विकसित किया जाएगा। यह घोषणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नयी दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में गुरुवार को की। उन्होंने कहा कि इस क्लस्टर से न केवल राज्य के उद्योग जगत को नई पहचान मिलेगी, बल्कि निर्यात बढ़ने से देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
नई उद्योग नीति-2026 के फाइनल ड्राफ्ट को लेकर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में दो दिवसीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें करीब 40 प्रतिनिधिमंडलों ने भाग लिया। ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल, एयरोस्पेस और डिफेंस सेक्टर के हितधारकों ने नीति के प्रावधानों में रुचि दिखाते हुए निवेश प्रस्ताव भी दिए। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली भी बैठक में मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई नीति तैयार करने से पहले हितधारकों के सुझावों को प्राथमिकता दी गई है, ताकि उद्योगों की वास्तविक जरूरतों को शामिल किया जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर जिले तक निवेश पहुंचाना है, जिससे संतुलित औद्योगिक विकास सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए औद्योगिक विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि हरियाणा 'विकसित भारत' के विजन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
नई उद्योग नीति से रोजगार के अवसर बढ़ने और राज्य के औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित