चंडीगढ़ , फरवरी 13 -- हरियाणा के सहकारिता, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने शुक्रवार को नयी दिल्ली स्थित कार्यालय में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान हरियाणा में सहकारिता क्षेत्र को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के विषय पर विस्तृत चर्चा हुई।

डॉ. अरविंद शर्मा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा सहकारिता क्षेत्र के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार किसानों को सशक्त बनाने, सहकारी संस्थाओं को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

बैठक में सहकारी संस्थाओं की संस्थागत संरचना को सशक्त करने, पारदर्शिता और सुशासन को बढ़ावा देने डिजिटल प्रक्रियाओं को लागू करने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीर एवं सार्थक विचार-विमर्श हुआ।

डॉ. अरविंद शर्मा ने मार्गदर्शन और सुझावों के लिए केंद्रीय मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से हरियाणा में सहकारिता आंदोलन को नई गति मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित