सोनीपत , अक्टूबर 06 -- हरियाणा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह सोमवार को चंडीगढ़ में कांग्रेस मुख्यालय में अपना पदभार ग्रहण करेंगे।
कार्यभार संभालने से पहले, सोनीपत में एनएच - 44 पर भिगान टोल के नजदीक पहुंचने पर, सोनीपत जिलाध्यक्ष कमल दीवान के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।
इस दौरान राव नरेंद्र सिंह ने संगठनात्मक मजबूती पर जोर दिया और कहा कि पार्टी प्रदेश में तेजी से कार्य कर रही है।
राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि चंडीगढ़ में सोमवार अपराह्न दो बजे पदभार ग्रहण समारोह का कार्यक्रम रखा गया। उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए पार्टी हाई कमान, पार्टी नेता सोनिया गांधी, राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे और राहुल गांधी समेत तमाम शीर्ष नेताओं का धन्यवाद किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और सभी दिग्गज नेता आज के कार्यक्रम में शामिल होंगे। नवनियुक्त अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा में संगठन को मजबूत करने के लिए जिलाध्यक्ष से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक की नियुक्तियां की गई हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के सभी जिलों में मजबूत जिला अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं और विधायक दल का नेता भी चुना गया है। उनका कहना है कि कांग्रेस पार्टी तेजी से संगठन को मजबूत करने का काम कर रही है।
श्री सिंह ने घोषणा की कि कांग्रेस पार्टी केंद्र और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के जनता विरोधी फैसलों का जोरदार विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि इन सभी मुद्दों को जनता के बीच लेकर जाया जाएगा।
कांग्रेस के एकजुट होने को लेकर जननायक जनता पार्टी के नेता दुष्यंत चौटाला के बयान पर श्री सिंह ने कहा कि उनसे कांग्रेस की बड़ाई करने की उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का अपना अधिकार है और दुष्यंत चौटाला को अपनी पार्टी को संभालना चाहिए। उन्होंने कुलदीप शर्मा की कथित नाराजगी को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वे हमारे आदरणीय और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी नेता एक साथ हैं और कुलदीप शर्मा आज भी चंडीगढ़ में स्टेज पर मौजूद रहेंगे, किसी को किसी से कोई शिकायत नहीं है।
सांसद बृजेंद्र सिंह की यात्रा के दौरान बड़े नेता की अनुपस्थिति पर उन्होंने कहा कि यह यात्रा उनके प्रदेश अध्यक्ष बनने से पहले शुरू की गई थी और यह उनका निजी फैसला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए अगर कोई कार्यकर्ता अपनी मर्जी से कोई कार्यक्रम करता है, तो यह खुशी की बात है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित