नोएडा , फरवरी, 02 -- हरियाणा थंडर्स ने रोमांचक फाइनल में मुकाबले में दिल्ली दंगल वॉरियर्स को हराकर प्रो रेसलिंग लीग 2026 का खिताब अपने नाम किया।

नोएडा इंडोर स्टेडियम में रविवार रात खेले गये मुकाबले में दिल्ली दंगल वॉरियर्स के खिलाफ आखिरी मुकाबले तक चले रोमांचक फाइनल के बाद प्रो रेसलिंग लीग 2026 का चैंपियन चुना गया। आठ मुकाबलों के बाद स्कोर 4-4 से बराबर था और अब सब कुछ महिलाओं के 62 किग्रा के फाइनल मुकाबले पर निर्भर था, जहां पेरिस ओलंपिक की रजत पदक विजेता इरीना कोलियाडेंको ने दबाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए हरियाणा थंडर्स के लिए 5-4 की रोमांचक जीत और पीडब्ल्यूएल 2026 का खिताब पक्का कर दिया।

हरियाणा थंडर्स को डब्ल्यूपीएल 2026 ट्रॉफी के साथ 1.5 करोड़ की पुरस्कार राशि, जबकि उप विजेता दिल्ली दंगल वॉरियर्स को 75 लाख रूपये मिले। इंडिविजुअल अवॉर्ड्स में, दिल्ली दंगल वॉरियर्स के तुरान बायरामोव को 57 किग्रा पुरुष वर्ग में 7 में से 7 बाउट जीतने के लिए 2.5 लाख का प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवॉर्ड मिला, जिससे उन्होंने पीडब्ल्यूएल 2026 में कुल 59 अंक बनाए, जबकि पंजाब रॉयल्स के चंद्रमोहन टूर्नामेंट में सबसे ज़्यादा पॉइंट स्कोर करने वाले खिलाड़ी रहे।

नेहा सांगवान (हरियाणा थंडर्स) ने आखिरी बाउट तक फाइनल को जिंदा रखने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच जीता, जबकि रौनक (दिल्ली दंगल वॉरियर्स) ने पुरुष 125 किग्रा वर्ग में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए फाइटर ऑफ द मैच जीता। इम्पैक्ट प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार अक्षय ढेरे (हरियाणा थंडर्स) ने 57 किग्राम पुरुष वर्ग में शानदार प्रदर्शन के लिए जीता।

चैंपियनशिप नाइट की शुरुआत दिल्ली के 74किग्रा पुरुषों के मुकाबले में बिना हारे तुरान बायरामोव के जरिए हुई, जिन्होंने शुरुआती बढ़त बनाई और मुकाबले को कंट्रोल करते हुए 8-1 से जीत हासिल की। हरियाणा ने 76किग्रा महिलाओं की वर्ग में तुरंत जवाब दिया, जहां अंडर-20 विश्व चैंपियन काजल धोचक ने यूरोपियन चैंपियन अनास्तासिया अल्पीयेवा को 3-1 से हराकर मुकाबला बराबर कर दिया।

65किग्रा पुरुषों के मुकाबले में फिर से मोमेंटम बदला जब दिल्ली के कप्तान सुजीत कलकल ने आखिर में शानदार वापसी करते हुए वर्ल्ड चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता तुमुर ओचिर तुल्गा को 8-6 से हरा दिया। हरियाणा ने अपनी करिश्माई और कई बार की वर्ल्ड चैंपियन यूई सुसाकी के ज़रिए जवाब दिया, जिन्होंने सारिका पर शानदार टेक्निकल सुपीरियरिटी से जीत हासिल करके स्कोर 2-2 कर दिया।

दिल्ली ने 86 किग्रा पुरुषों के मुकाबले में बढ़त फिर से हासिल कर ली, जब एशियन चैंपियनशिप के ब्रॉन्ज़ मेडलिस्ट वफ़ाईपुर हादी बख्तियार ने आशिरोव अशरफ़ को 11-0 से हराया, इससे पहले हरियाणा ने अक्षय ढेरे के ज़रिए ज़ोरदार वापसी की, जिन्होंने 57 किग्रा पुरुषों के मुकाबले में दिल्ली के अमित कुमार को तकनीकी आधार पर हरा दिया।

इसके बाद हैवीवेट मुकाबला अहम साबित हुआ, जिसमें रौनक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अनिरुद्ध गुलिया को 12-2 से हराया, जिससे दिल्ली 4-3 से आगे हो गई। हरियाणा ने हार नहीं मानी, और नेहा सांगवान ने 57 किग्रा महिलाओं के मुकाबले में अंजलि को पिन करके फाइनल को जिंदा रखा और स्कोर एक बार फिर 4-4 से बराबर कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित