चंडीगढ़ , जनवरी 21 -- हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश के स्वास्थ्य बजट का एक-एक पैसा जनता की भलाई और अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर खर्च किया जा रहा है।
श्रीमती राव ने कहा कि हरियाणा अब हेल्थ हब बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। स्वास्थ्य मंत्री नारनौल के अटेली विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास के अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने लगभग तीन करोड़ रुपये की लागत से किए जाने वाले विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
उन्होंने गांव सराय सुरानी और गुजरवास के विकास के लिए आठ-आठ लाख रुपये तथा छापड़ा सलीमपुर और खोड़ गांव के लिए 10-10 लाख रुपये की विकास राशि की घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्यायें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि अटेली की जनता द्वारा जताया गया विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा है। सुश्री राव ने बताया कि कोरियावास मेडिकल कॉलेज में सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों के 68 पदों के लिए साक्षात्कार की प्रक्रिया चल रही है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास बेहतर स्वास्थ्य सेवायें और मूलभूत सुविधाएं हर नागरिक तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। चुनाव के दौरान किये गये सभी वादों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित