चंडीगढ़ , फरवरी 11 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिया है कि शहरी क्षेत्रों में बढ़ती आबादी को देखते हुए नए स्कूल खोलने के लिए विस्तृत सर्वे कराया जाए ताकि बच्चों को लंबी दूरी तय कर स्कूल न जाना पड़े। वह बुधवार को राज्य स्तरीय दिशा समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे जिसमें जनप्रतिनिधि और सभी जिलों के अधिकारी ऑनलाइन जुड़े।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष स्कूल छोड़ चुके 34 हजार बच्चों में से 18,796 को छह माह का विशेष प्रशिक्षण दिया गया और 15,386 बच्चों को दोबारा मुख्यधारा में शामिल किया गया। फरीदाबाद के सेक्टर-37 में नए स्कूल भवन का निर्माण जल्द शुरू होगा जबकि प्रत्येक जिले में मॉडल संस्कृति स्कूल खोले जा रहे हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्रदेश को टीबी मुक्त और एनीमिया मुक्त बनाने पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान में 98 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया गया है। साथ ही जनऔषधि केंद्रों का विस्तार कर सस्ती दवाएं उपलब्ध कराने और नेचुरोपैथी सुविधाएं बढ़ाने पर बल दिया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 98,726 मकानों के लक्ष्य में से 76,275 स्वीकृत और 41,491 पूर्ण हो चुके हैं। शहरी योजना के अंतर्गत भी हजारों मकान बनाए जा रहे हैं। अमृत योजना-2, महाग्राम योजना स्वच्छ भारत मिशन और खेल अवसंरचना विकास की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित