चंडीगढ़ , मार्च 09 -- हरियाणा के नूंह में सोमवार सुबह एक महिला अपनी तीन मासूम बेटियों के साथ कुएं में कूद गयी। कुएं से दो बालिकाओं के शव बरामद कर लिये गये हैं, जबकि महिला और उसकी एक बेटी अभी भी लापता हैं। गोताखोरों और पुलिस की टीमें कुएं के गहरे पानी में उनकी तलाश के लिए लगातार तलाशी अभियान चला रही हैं।

ग्रामीणों के अनुसार सोमवार दोपहर अचानक शोर मच गया कि गांव के कुएं में कोई डूब गया है। लोग जब मौके पर पहुंचे तो पता चला कि एक महिला अपनी तीन बेटियों के साथ कुएं में छलांग लगा चुकी है। महिला ने यह कदम क्यों उठाया इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है।

ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना फिरोजपुर झिरका पुलिस को दी और खुद भी बचाव कार्य में जुट गये। कुएं के आसपास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गयी और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गयी।

मौके पर पहुंची पुलिस का कहना है कि महिला और बालिका की तलाश के लिए लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। यह भी पता लगाने की भी कोशिश की जा रही है कि महिला ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित