हरिद्वार , फरवरी 15 -- उत्तराखंड में हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में रविवार को तड़के सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गयी, जबकि एक एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस के अनुसार तीन युवक एक बाइक से भगवानपुर से हरिद्वार की ओर जा रहे थे। भगवानपुर बाईपास मार्ग पर बेडपुर चौक के पास ईंट-भट्टे के समीप उनकी बाइक एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई।
इस हादसे में 28 वर्षीय शिवम और 26 वर्षीय सूरज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 वर्षीय अमन यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने मदद का प्रयास किया, लेकिन तब तक ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो चुका था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को 108 एम्बुलेंस के जरिए सरकारी अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भेज किया गया है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित