हरिद्वार , मार्च 23 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में चैत्र नवरात्र के पांचवें दिन मां भगवती के स्कंदमाता स्वरूप की पूजा-अर्चना के लिए आज सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
शहर के सिद्ध पीठों और प्रमुख मंदिरों में तड़के से ही भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया था। श्रद्धालु माता के चरणों में शीश नवाकर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना कर रहे हैं। पूरा वातावरण भक्ति और श्रद्धा से सराबोर नजर आया।
नवरात्र के पावन अवसर पर मंदिरों में विशेष पूजन, दुर्गा सप्तशती पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। मंदिर परिसरों को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है, जिससे माहौल और भी भक्तिमय हो गया है। दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालु घंटों कतार में लगकर मां के दर्शन कर रहे हैं और प्रसाद अर्पित कर अपनी मनोकामनाएं मांग रहे हैं।
वहीं, बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट है। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और पुलिस बल तैनात कर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुचारू दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित