हरिद्वार , मार्च 15 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे सत्यापन एवं विशेष अभियान के तहत थाना सिडकुल पुलिस ने शनिवार देर रात सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।

लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनज़र कि कुछ लोग होटल-ढाबों, शराब की दुकानों और सड़कों के किनारे बैठकर शराब पीते हुए हुड़दंग कर रहे हैं तथा राह चलती महिलाओं पर फब्तियां कस रहे हैं, इस पर सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस ने अभियान चलाया।

थाना अध्यक्ष नितेश शर्मा के नेतृत्व में सिडकुल क्षेत्र में अलग-अलग टीमें बनाकर सार्वजनिक स्थानों, ढाबों और सड़क किनारे बैठकर शराब पीने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग की गई। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 65 व्यक्तियों को विभिन्न स्थानों से पकड़कर उनके खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान काटा।

इस कार्रवाई में कुल 16,250 रूपये भी वसूले गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित