हरिद्वार , दिसंबर 05 -- उत्तराखंड के हरिद्धार में आयोजित सहकारिता मेले 2025 के चौथे दिन स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सहकारिता मंत्री धन सिंह रावत ने मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया और कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड सहकारिता के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। प्रदेश के 13 जिलों में सहकारिता मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक एसईजी एवं महिला समूहों को सहकारिता से जोड़ना और स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग पूरे देश व विश्व स्तर पर करना है।
सहकारिता मंत्री ने बताया कि अब तक सहकारिता से 30 लाख लोगों को जोड़ा जा चुका है और 50 लाख लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य में 33 प्रतिशत आरक्षण के तहत 250 महिलाएं अध्यक्ष पद पर, 160 उपाध्यक्ष और 2500 महिलाएं सहकारिता बोर्ड में चुनी गई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में एक-एक नई सोसाइटी स्थापित की जा रही है और वर्तमान में 1200 नई सोसाइटी बनाई जा रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर जिले में तीन लाख 'लखपति दीदी' बनाने का लक्ष्य साझा किया।
इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के तहत पात्र व्यक्तियों को चैक वितरण किए गए। अलंकारिक मत्स्य जीवी समिति को 15.60 लाख, गणेश आजीविका स्वयं सहायता समूह को 6 लाख तथा सहकारिता मत्स्य जीवी समिति मानिकपुर आदमपुर ब्लॉक भगवानपुर को उत्कृष्ट मत्स्य प्रदर्शन के लिए प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा, दिन दयाल उपाध्याय सहकारिता किशन योजना के तहत 10 लोगों को ऋण के चैक वितरित किए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित