हरिद्वार , फरवरी 20 -- उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद में नशा तस्करी के विरुद्ध चल रहे सख्त अभियान के तहत शुक्रवार को पथरी पुलिस ने 1200 ट्रामाडोल नशीले कैप्सूल के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई, जिसे पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस के अनुसार जांच अभियान के दौरान फेरुपुर से बदरपुर जट मार्ग पर ट्यूबवेल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस ने मौके से आरोपी प्रमोद कुमार (38), निवासी ग्राम इक्कड़ कला, थाना पथरी को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी में कुल 1200 नशीले कैप्सूल, एक स्कूटी और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन शामिल हैं। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर नशा तस्करी के नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद को नशा मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित