भगवानपुर/हरिद्वार , मार्च 05 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के थाना भगवानपुर क्षेत्र में पुरानी रंजिश के कारण गुरुवार को एक युवक की ट्रक से कुचलकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
पुलिस के अनुसार बुधवार को को प्रताप कॉलोनी निवासी महिला ने भगवानपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि ट्रक चालक राजीव पुत्र शीशपाल निवासी ग्राम मलकपुर, छपरौली रोड जिला बागपत (उत्तर प्रदेश) ने उसके पति राहुल कुमार को पुरानी रंजिश के चलते भगवानपुर टोल प्लाजा के पास ट्रक से कुचलकर मार डाला। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज दबिश देकर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी राजीव ने बताया कि वह पिछले कई वर्षों से रुहालकी गांव में एक महिला के साथ रह रहा है और ट्रक चालक का काम करता है। मृतक राहुल होटल में खाना बनाने का काम करता था और दोनों का अक्सर साथ उठना-बैठना और शराब पीना होता था। आरोपी के अनुसार शराब के नशे में राहुल अक्सर उसकी भांजियों के बारे में अश्लील टिप्पणियां करता था, जिसे लेकर वह काफी समय से परेशान था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित