हरिद्वार , मार्च 13 -- हरिद्वार में एलपीजी गैस सिलेंडरों की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी से बचाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों, उपजिलाधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी से एलपीजी गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली गई।
जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने जिलाधिकारी को बताया कि जनपद में 42 गैस एजेंसियां संचालित हैं, जिनके माध्यम से एलपीजी गैस की आपूर्ति की जा रही है। वर्तमान में गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन ऑनलाइन सिस्टम बाधित होने के कारण उपभोक्ताओं को ओटीपी नहीं मिल पा रहा है। इसके चलते ऑनलाइन बुकिंग में दिक्कत आ रही है और गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भीड़ बढ़ रही है। विभाग द्वारा उपभोक्ताओं को स्थिति की जानकारी दी जा रही है।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में एलपीजी गैस की आपूर्ति नियमित और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर कालाबाजारी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए सभी गैस एजेंसियों पर नोडल अधिकारी नामित कर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। नोडल अधिकारी समय-समय पर एजेंसियों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करेंगे कि उपभोक्ताओं को निर्धारित दरों पर ही गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित गैस एजेंसियों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अनियमित वितरण या उपभोक्ताओं से अधिक धनराशि वसूलने की शिकायत मिलती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने बताया कि यदि किसी उपभोक्ता को एलपीजी गैस सिलेंडर से संबंधित कोई समस्या होती है, जैसे समय पर सिलेंडर न मिलना, अधिक कीमत वसूली या अन्य शिकायत, तो वे कंट्रोल रूम नंबर 01334-239444, टोल फ्री नंबर 01334-1077 तथा मोबाइल नंबर 9068197350 पर संपर्क कर सकते हैं। प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश भी दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित