हरिद्वार , मार्च 05 -- अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी सैन्य तनाव के बीच विदेशों में रह रहे भारतीय नागरिकों को लेकर उत्तराखंड प्रशासन सतर्क हो गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और विभिन्न समाचार चैनलों के माध्यम से ऐसी सूचनाएं सामने आ रही हैं कि कई भारतीय नागरिक प्रभावित क्षेत्रों में फंसे हुए हैं।

इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने गुरुवार को जिलावासियों से अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी व्यक्ति का परिजन वर्तमान में ईरान या खाड़ी देशों में मौजूद है और वहां की परिस्थितियों के कारण फंसा हुआ है, तो उसकी जानकारी तत्काल प्रशासन को उपलब्ध कराई जाए।

प्रशासन का कहना है कि विदेशों में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए शासन स्तर पर समन्वय स्थापित किया जा रहा है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर सही जानकारी मिलने से राहत एवं सहायता कार्यों में तेजी लाई जा सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित